Up News: राजधानी लखनऊ की सड़कों पर शनिवार को अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम (एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट) लागू करने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं का आ...
Up News: राजधानी लखनऊ की सड़कों पर शनिवार को अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम (एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट) लागू करने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से जुटे हजारों वकीलों ने कैसरबाग न्यायालय परिसर से विधानभवन घेराव के लिए विशाल पैदल मार्च निकाला। हजरतगंज चौराहे और जीपीओ के समीप जब पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो उत्तेजित अधिवक्ताओं ने पुलिस की पहली सुरक्षा बैरिकेडिंग उखाड़ फेंकी। कई वकील दूसरी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए, जिससे मौके पर भारी अफरा-तफरी मच गई और पुलिस व वकीलों के बीच तीखी धक्का-मुक्की हुई।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
कैसरबाग से शुरू हुआ पैदल मार्च, परिवर्तन चौक से हजरतगंज तक गूंजे नारे
अधिवक्ता सुरक्षा कानून की मांग को लेकर वकीलों का यह आंदोलन पूरी तरह सुनियोजित था, जिसे प्रदेश भर के तमाम बार एसोसिएशनों और अधिवक्ता संगठनों का खुला समर्थन मिला।
शनिवार सुबह कैसरबाग स्थित दीवानी न्यायालय परिसर में भारी संख्या में अधिवक्ता एकत्र हुए और वहां से पैदल मार्च की शुरुआत की। प्रदर्शनकारी वकील जोरदार नारेबाजी करते हुए परिवर्तन चौक, बेगम हजरत महल पार्क और अटल चौक होते हुए विधानसभा मार्ग की ओर आगे बढ़े। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए वकील लगातार 'अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करो' के नारे लगा रहे थे, जिससे मध्य लखनऊ के प्रमुख चौराहों पर लंबा जाम लग गया।
विधानसभा मार्ग पर बैरिकेडिंग टूटी, पुलिस संग धक्का-मुक्की
विधानसभा घेराव के पूर्व ऐलान को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कैसरबाग से लेकर जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा तक कई स्तरों पर बैरिकेडिंग लगा रखी थी।
जैसे ही अधिवक्ताओं का हुजूम हजरतगंज चौराहे के निकट पहुंचा, पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेड्स आगे कर दिए। प्रदर्शनकारियों ने दबाव बनाकर पहली बैरिकेडिंग तोड़ डाली और आगे बढ़ गए। इसके बाद जीपीओ के पास लगी दूसरी बैरिकेडिंग पर दर्जनों वकील चढ़ गए और पार करने की कोशिश करने लगे। इस दौरान पुलिसकर्मियों और वकीलों के बीच जोरदार धक्का-मुक्की और तीखी झड़प हुई। आला पुलिस अधिकारी लगातार लाउडस्पीकर से वकीलों को शांत कराने और पीछे हटने का अनुरोध करते रहे, लेकिन प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने पर अड़े रहे।
