गाजीपुर। जनपद में अपराध और गौ तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना करण्डा पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस और ...
![]() |
| Purvanchal Samachar |
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चोचकपुर पेट्रोल पंप से मैनपुर बाजार की ओर गोवंशों से लदी एक पिकअप बोलेरो मैक्स जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान वाहन सवार दो लोगों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान रोहन यादव पुत्र मनीराम यादव, निवासी देवचंदपुर, थाना रामपुर मांझा, जनपद गाज़ीपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने घायल अभियुक्त को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करण्डा भेजकर इलाज कराया। मौके से पुलिस ने 15 गोवंश, एक अवैध तमंचा 0.315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा पिकअप वाहन बरामद किया। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
थाना करण्डा प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार गुप्ता के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के संबंध में थाने में विधिक कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ गाज़ीपुर के अलावा अन्य कई जनपदों में धोखाधड़ी, गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, आर्म्स एक्ट और यूपी गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
