लखनऊ (ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश में संगठन पर्व के तहत भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक नियुक्तियों में तेजी लाते हुए 11 नए जिलाध्यक्षों के...
लखनऊ (ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश में संगठन पर्व के तहत भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक नियुक्तियों में तेजी लाते हुए 11 नए जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा कर दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा गुरुवार को जारी की गई इस सूची में पश्चिम, अवध, काशी, ब्रज और गोरखपुर क्षेत्र के जिलों को शामिल किया गया है। संगठन ने इन नियुक्तियों के जरिए जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने की स्पष्ट कोशिश की है।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
इन चेहरों को मिली कमान
भाजपा की नई सूची के अनुसार, पश्चिम क्षेत्र में शामली से श्री रामजी लाल कश्यप, अमरोहा से श्री उदय गिरि गोस्वामी, सहारनपुर जिला से श्री अजीत सिंह राणा और बागपत से श्री नीरज शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ब्रज क्षेत्र के पीलीभीत जिले की कमान श्री गोकुल प्रसाद मौर्य को मिली है।
अवध क्षेत्र में लखीमपुर से श्री अरविन्द गुप्ता, गोण्डा से श्री इकबाल बहादुर तिवारी, अयोध्या जिला से श्री राधे श्याम त्यागी और अयोध्या महानगर से श्री कमलेश श्रीवास्तव को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, काशी क्षेत्र के मिर्जापुर से श्री लाल बहादुर सरोज और गोरखपुर क्षेत्र के सिद्धार्थनगर से श्री दीपक मौर्य को जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से जारी इस सूची की प्रतिलिपि राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण, राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े और प्रदेश सह-प्रभारी संजीव चौरसिया सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं को भेज दी गई है। जानकारों का मानना है कि नए जिलाध्यक्षों के चयन में कार्यकर्ताओं के बीच पैठ और आगामी चुनौतियों को ध्यान में रखा गया है।

