मिर्जापुर। मादक पदार्थों के सौदागरों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और पुलिस की संयुक...
मिर्जापुर। मादक पदार्थों के सौदागरों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़े तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। बरकछा कलां मीलस्टोन-135 के पास की गई घेराबंदी में पुलिस ने 528 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। बरामद नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये आंकी गई है।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
पुड़िया बनाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे मौत का सामान
पकड़े गए तस्करों की पहचान मिर्जापुर निवासी रवि सोनकर और इमरान के रूप में हुई है। पूछताछ में तस्करों ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि वे मड़िहान के रहने वाले रामधनी से सस्ते में हेरोइन खरीदकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाते थे और फिर उसे ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस ने इनके पास से 2400 रुपये नकद और तस्करी में इस्तेमाल होने वाली एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
लोकेशन बदलकर देते थे पुलिस को चकमा
ये शातिर तस्कर अपनी लोकेशन लगातार बदलते रहते थे ताकि सुरक्षा एजेंसियों की नजरों से बचे रहें। हालांकि, लखनऊ सर्विलांस टीम और एएनटीएफ की मुस्तैदी ने इनकी चालाकी पर पानी फेर दिया। प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र नाथ सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस मुख्य सप्लायर रामधनी की तलाश में सरगर्मी से जुट गई है।
