वाराणसी (ब्यूरो)। धर्मनगरी के भेलूपुर थाना अंतर्गत रेवड़ी तालाब इलाके में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। मदरसा जामिया हमीद...
वाराणसी (ब्यूरो)। धर्मनगरी के भेलूपुर थाना अंतर्गत रेवड़ी तालाब इलाके में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। मदरसा जामिया हमीदिया रिजविया के कम्युनिटी हॉल में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान अचानक लिफ्ट फेल होकर तीन मंजिल नीचे आ गिरी। इस भीषण दुर्घटना में दो युवक लहूलुहान हो गए, जिनमें से 22 वर्षीय आसिब आदिल ने ट्रामा सेंटर में दम तोड़ दिया। मृतक मदनपुरा का रहने वाला बताया जा रहा है। दूसरे घायल हसनैन रजा की हालत नाजुक बनी हुई है।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
कमांड खोते ही सीधे पाताल में समाई लिफ्ट
चश्मदीदों के मुताबिक, शादी की गहमागहमी के बीच आसिब और हसनैन नीचे जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुए थे। जैसे ही गेट बंद हुआ, लिफ्ट ने अपना नियंत्रण खो दिया और किसी भारी पत्थर की तरह सीधे नीचे जा गिरी। तेज आवाज सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक आसिब की सांसें उखड़ चुकी थीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लापरवाही की जांच में जुटा महकमा
एसीपी गौरव कुमार ने साफ किया है कि हादसे की हर पहलू से जांच की जा रही है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या कमर्शियल इस्तेमाल होने वाली इस लिफ्ट का मेंटेनेंस समय पर हुआ था? लिफ्ट विशेषज्ञों का मानना है कि तीन से छह महीने में तकनीकी जांच अनिवार्य है, जिसमें लापरवाही बरतने पर ऐसे हादसे होते हैं।

