गाजीपुर (ब्यूरो)। जनपद में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 का आगाज 'स्कूल चलो अभियान' की धमक के साथ हुआ। नगर क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय ...
गाजीपुर (ब्यूरो)। जनपद में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 का आगाज 'स्कूल चलो अभियान' की धमक के साथ हुआ। नगर क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय रायगंज द्वितीय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) उपासना रानी वर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान स्कूल की चौखट पर कदम रखने वाले नन्हे-मुन्नों का तिलक लगाकर और फूल बरसाकर शाही स्वागत किया गया, जिससे बच्चों के चेहरे खिल उठे।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
नामांकन ही नहीं, गुणवत्ता पर भी रहेगा जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए BSA ने दोटूक कहा कि इस अभियान का मकसद सिर्फ कागजी नामांकन बढ़ाना नहीं, बल्कि ड्रॉपआउट को जड़ से खत्म करना है। उन्होंने 'साक्षरता से समृद्धि' का नारा बुलंद करते हुए शिक्षकों को निर्देश दिए कि डिजिटल क्लासरूम और प्रिंट-रिच सामग्री का भरपूर उपयोग करें। विद्यालय की स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था की सराहना करते हुए उन्होंने मध्याह्न भोजन (MDM) की गुणवत्ता बनाए रखने की सख्त हिदायत भी दी।
जागरूकता रैली को हरी झंडी, अभिभावकों से अपील
BSA ने शिक्षकों को 'शिक्षक डायरी' के प्रभावी इस्तेमाल और बाल-केंद्रित मूल्यांकन अपनाने को कहा। कार्यक्रम के अंत में एक विशाल जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो मोहल्लों में 'आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे', कोई ना छूटे इस बार, शिक्षा है सबका अधिकार। जैसे नारों के साथ गूंजी। सेवानिवृत्त शिक्षक नसीम अब्बासी की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी आलोक कुमार सहित बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।
