वाराणसी। आईआईटी बीएचयू में शुक्रवार से एशिया के सबसे पुराने तकनीकी महोत्सव 'टेक्नेक्स' ( Technex) के 87वें संस्करण का भव्य आगाज हु...
वाराणसी। आईआईटी बीएचयू में शुक्रवार से एशिया के सबसे पुराने तकनीकी महोत्सव 'टेक्नेक्स' (Technex) के 87वें संस्करण का भव्य आगाज हुआ। स्वतंत्रता भवन सभागार में आयोजित उद्घाटन समारोह में संस्थान के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने छात्रों को नवाचार और तकनीकी कौशल के जरिए भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होने का आह्वान किया। महोत्सव के पहले दिन 'थिंक टॉक' सत्र के दौरान फेरारी के वैश्विक सीईओ बैंडेटो वेन्या ने अपनी मौजूदगी से छात्रों में नया जोश भर दिया।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
काशी के नाम पर फेरारी का नया इलेक्ट्रिक अवतार
फेरारी के सीईओ बैंडेटो वेन्या ने कार्यक्रम के दौरान एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि फेरारी के पहले इलेक्ट्रिक मॉडल का नाम ‘फेरारी लूचे’ (Ferrari Luce) रखा गया है। उन्होंने इसका अर्थ स्पष्ट करते हुए कहा कि इतालवी भाषा में 'लूचे' का अर्थ 'रोशनी' होता है, जो सीधे तौर पर 'प्रकाश की नगरी' काशी से प्रेरित है। वेन्या ने भावुक होते हुए साझा किया कि यह उनकी 50वीं काशी यात्रा है और इस शहर की ऊर्जा उन्हें बार-बार यहां खींच लाती है।
ऑटोमोबाइल जगत की भविष्य की तकनीक पर चर्चा
सत्र के दौरान 'ऑटो कार इंडिया' के संपादक सर्जियस बरेटो के साथ बातचीत में वेन्या ने फेरारी में इस्तेमाल हो रही अत्याधुनिक तकनीकों और भविष्य की इलेक्ट्रिक कारों के रोडमैप पर चर्चा की। उन्होंने छात्रों को बताया कि कैसे पारंपरिक लग्जरी और आधुनिक तकनीक का तालमेल बैठाया जाता है। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में देश-दुनिया के दिग्गज छात्र अपने तकनीकी ज्ञान और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
