गाजीपुर (ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश सरकार की ऑनलाइन शिकायत प्रणाली 'जनसुनवाई पोर्टल' ( IGRS ) के निस्तारण में गाजीपुर पुलिस ने प्रदेशभर ...
गाजीपुर (ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश सरकार की ऑनलाइन शिकायत प्रणाली 'जनसुनवाई पोर्टल' (IGRS) के निस्तारण में गाजीपुर पुलिस ने प्रदेशभर में शीर्ष स्थान हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के मामले में गाजीपुर पुलिस को फरवरी माह की रैंकिंग में उत्तर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त हुआ है। पुलिस अधीक्षक के कुशल नेतृत्व और थानों की सक्रियता का ही परिणाम है कि जिले के 27 में से 25 थानों ने प्रदेश की सूची में प्रथम स्थान झटक लिया है।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
एसपी की सीधी मॉनिटरिंग का दिखा असर
पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज राजा द्वारा आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली जन शिकायतों की स्वयं मॉनिटरिंग की जा रही थी। उनके द्वारा दिए गए कड़े निर्देशों और समय-समय पर की गई समीक्षा का असर धरातल पर दिखा। जिले के लगभग सभी थानों ने जनता की समस्याओं को न केवल समय पर सुना, बल्कि उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया। यही वजह है कि गाजीपुर पुलिस अब पूरे प्रदेश के लिए एक रोल मॉडल बनकर उभरी है।
25 थानों ने रचा इतिहास
जनपद के पुलिसिंग इतिहास में यह पहली बार है जब एक साथ 25 थानों को प्रदेश की रैंकिंग में नंबर-1 स्थान मिला है। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि आईजीआरएस रैंकिंग तय करने के लिए शासन स्तर पर बेहद कड़े मानक अपनाए जाते हैं। शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और पीड़ित की संतुष्टि को सबसे ऊपर रखा गया। पुलिस की इस सफलता से जिले की जनता में भी सुरक्षा और न्याय के प्रति विश्वास बढ़ा है।
