मिर्जापुर। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को आदिशक्ति की नगरी विंध्याचल पहुंचकर मां विंध्यवासिनी के चरणों में हाजिरी लगा...
मिर्जापुर। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को आदिशक्ति की नगरी विंध्याचल पहुंचकर मां विंध्यवासिनी के चरणों में हाजिरी लगाई। कड़ी सुरक्षा के बीच धाम पहुंचे एलजी साहब ने विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर लोक कल्याण और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा सुबह से ही अलर्ट मोड पर रहा।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ पूजन
निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत उपराज्यपाल मनोज सिन्हा वाराणसी के बीएलडब्ल्यू गेस्ट हाउस से सड़क मार्ग द्वारा मिर्जापुर पहुंचे। मंदिर पहुंचने पर एसडीएम गुलाब चंद और सीओ लालगंज अमर बहादुर ने उनकी अगवानी की। तीर्थ पुरोहित राजन पाठक और शनि पाठक ने गर्भगृह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन अनुष्ठान संपन्न कराया। माता के दर्शन के बाद उपराज्यपाल के चेहरे पर असीम शांति और श्रद्धा के भाव नजर आए।
अष्टभुजा गेस्ट हाउस में मिला 'गार्ड ऑफ ऑनर'
दर्शन-पूजन के बाद उपराज्यपाल का काफिला अष्टभुजा गेस्ट हाउस पहुंचा, जहां पुलिस की टुकड़ी ने उन्हें 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया। इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासन के आला अधिकारियों ने उनसे शिष्टाचार भेंट की। एलजी के दौरे के मद्देनजर विंध्य कॉरिडोर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहे, हालांकि आम श्रद्धालुओं की सुविधा का भी पूरा ख्याल रखा गया।

