गाजीपुर (ब्यूरो)। मरदह क्षेत्र में वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन मार्ग पर हैदरगंज के पास एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। मऊ की ओर जा रहा एक अनियंत्रित...
गाजीपुर (ब्यूरो)। मरदह क्षेत्र में वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन मार्ग पर हैदरगंज के पास एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। मऊ की ओर जा रहा एक अनियंत्रित ट्रक अचानक डिवाइडर लांघकर सड़क के दूसरी तरफ स्थित एक ढाबे में जा घुसा। इस दौरान ट्रक ने सामने खड़ी दो कारों को बुरी तरह रौंद डाला। गनीमत रही कि ढाबे के बाहर लगा बिजली का ट्रांसफार्मर ट्रक के पहियों में फंस गया, जिससे ट्रक रुक गया और अंदर मौजूद दर्जनों लोग बाल-बाल बच गए।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
नींद की एक झपकी और मच गई चीख-पुकार
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मरदह पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक चालक और खलासी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में चालक ने कुबूला कि गाड़ी चलाते समय उसे नींद की झपकी आ गई थी, जिससे स्टेयरिंग से नियंत्रण छूट गया। ट्रक बिहार से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते बालू लादने जा रहा था। इस टक्कर में ढाबे के बाहर खड़ी गाड़ियाँ लोहे का ढेर बन गईं, लेकिन किसी जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
ट्रांसफार्मर बना 'रक्षक', बड़ी अनहोनी टली
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो अगर ट्रक बिजली के ट्रांसफार्मर से न टकराता, तो वह सीधे ढाबे के भीतर बैठे लोगों को अपनी चपेट में ले लेता। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रांसफार्मर उखड़कर ट्रक के अगले हिस्से में फंस गया। हादसे में चालक और खलासी शनि कुमार (निवासी संतकबीरनगर) को मामूली चोटें आई हैं। थाना प्रभारी तारावती ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाकर यातायात सुचारू करा दिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।
