वाराणसी। उदय प्रताप (यूपी) कॉलेज परिसर में शुक्रवार को बीएससी छात्र सूर्य प्रताप सिंह की सनसनीखेज हत्या के बाद मचे बवाल ने अब कानूनी मोड़ ल...
वाराणसी। उदय प्रताप (यूपी) कॉलेज परिसर में शुक्रवार को बीएससी छात्र सूर्य प्रताप सिंह की सनसनीखेज हत्या के बाद मचे बवाल ने अब कानूनी मोड़ ले लिया है। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने उपद्रव और तोड़फोड़ करने वाले हॉस्टल व कॉलेज के छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इस घटना के बाद से पूरे परिसर में भारी पुलिस बल तैनात है और तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
पोर्टिको में बैठे थे शिक्षक, तभी गूंजी गोलियों की तड़तड़ाहट
प्राचार्य द्वारा शिवपुर थाने में दी गई रिपोर्ट के अनुसार, 20 मार्च की सुबह करीब 11:10 बजे जब वह अन्य वरिष्ठ प्राध्यापकों के साथ विज्ञान भवन के पोर्टिको में बैठे थे, तभी कक्ष संख्या-12 के पास गोली चलने की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर छात्र सूर्य प्रताप लहूलुहान हालत में मिला। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत की खबर फैलते ही कॉलेज छावनी में तब्दील हो गया।
आक्रोशित छात्रों का तांडव, प्राचार्य आवास पर तोड़फोड़
सहपाठी की मौत से गुस्साए छात्रों ने कॉलेज परिसर में जमकर उत्पाद मचाया। उपद्रवियों ने प्राचार्य आवास पर खड़ी उनकी निजी कार को निशाना बनाया और जमकर तोड़फोड़ की। यही नहीं, परिसर के बाहर खड़े अन्य शिक्षकों और कर्मचारियों के वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। प्राचार्य ने अपनी तहरीर में स्पष्ट किया है कि इस घटना से शैक्षणिक वातावरण पूरी तरह ध्वस्त हो गया है और कर्मचारियों में भय का माहौल है।
