वाराणसी। धर्मनगरी की मर्यादा और गंगा की पवित्रता से खिलवाड़ के एक मामले ने काशी में सियासी और प्रशासनिक पारा चढ़ा दिया है। पंचगंगा घाट के प...
वाराणसी। धर्मनगरी की मर्यादा और गंगा की पवित्रता से खिलवाड़ के एक मामले ने काशी में सियासी और प्रशासनिक पारा चढ़ा दिया है। पंचगंगा घाट के पास बीच धारा में नाव पर 'इफ्तार पार्टी' करने और मां गंगा में हड्डियां फेंकने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने 14 मुस्लिम युवकों को गिरफ्तार किया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हिंदूवादी संगठनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
वायरल वीडियो से मचा हड़कंप, बीजेपी ने दर्ज कराया केस
मामले ने तब तूल पकड़ा जब बीजेपी युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि नाव पर न केवल इफ्तार का आयोजन हुआ, बल्कि सरेआम नॉनवेज (बिरयानी) परोसा गया और खाने के बाद हड्डियां पवित्र मां गंगा नदी में फेंकी गईं। वायरल वीडियो में युवकों को बेखौफ होकर पार्टी करते देखा गया, जिसे काशी की धार्मिक भावनाओं पर सीधा प्रहार बताया जा रहा है।
संवेदनशील माहौल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रामनवमी और त्योहारों के मद्देनजर शहर में पहले से ही हाई अलर्ट है। ऐसे में मामले की नजाकत को भांपते हुए कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त की और मजहबी भावनाओं को ठेस पहुंचाने समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर सभी 14 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर के सांप्रदायिक सौहार्द और धार्मिक मान्यताओं से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
