वाराणसी। गैस सिलेंडर की किल्लत और महंगाई के खिलाफ बुधवार को समाजवादी पार्टी की महिला विंग का प्रदर्शन कलेक्ट्रेट पर जमकर गर्माया। प्रदेश अध...
वाराणसी। गैस सिलेंडर की किल्लत और महंगाई के खिलाफ बुधवार को समाजवादी पार्टी की महिला विंग का प्रदर्शन कलेक्ट्रेट पर जमकर गर्माया। प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव के नेतृत्व में महिलाएं खाली सिलेंडर, गैस चूल्हा और तवे लेकर सड़कों पर उतर आईं। उन्होंने कलेक्ट्रेट गेट पर धरना देते हुए सांकेतिक तौर पर चूल्हे पर तवा रख रोटियां सेकीं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
दरअसल, बुधवार दोपहर सपा महिला विंग की कार्यकर्ता कचहरी पहुंची थीं। उनके हाथों में गैस सिलेंडर, तख्तियां और चूल्हा था। प्रदर्शन का अंदाज ऐसा था मानो हर रसोई से उठी नाराजगी सड़कों पर उतर आई हो। जैसे ही महिलाएं डीएम कार्यालय की ओर बढ़ीं, पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई। पुलिस की रोक पर महिलाएं कलेक्ट्रेट गेट पर ही धरने पर बैठ गईं और वहीं चूल्हे पर तवा रख रोटियां सेंकने लगीं।
'मां अन्नपूर्णा रसोई पर ताला, यह दुर्भाग्यपूर्ण'
सपा प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा, "जिस शहर के सांसद स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, उस शहर की महिलाएं गैस के लिए त्राहि-त्राहि कर रही हैं। यह सबसे बड़ी विडंबना है कि जहां देश के मुखिया सांसद हैं, वहां मां अन्नपूर्णा रसोई पर ताला लग गया।"
उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "जिन्होंने मां अन्नपूर्णा को नहीं समझा, वे देश को क्या समझेंगे। महिलाओं की रसोई से लेकर उनके बजट तक को सरकार ने अस्त-व्यस्त कर दिया है। गैस सिलेंडर के दाम आसमान छू रहे हैं और आपूर्ति ठप है।"
प्रदर्शन में क्या थीं मुख्य मांगें?
महिलाओं ने अपने प्रदर्शन के जरिए दो बड़े मुद्दे उठाए:
1. गैस सिलेंडर की किल्लत दूर करने और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग।
2. सिलेंडर के बढ़ते दामों पर अंकुश लगाने और आम परिवारों को राहत देने की मांग।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि महंगाई और गैस संकट ने घर का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को झेलनी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि वह सरकार तक उनकी आवाज पहुंचाए और गैस आपूर्ति व कीमतों पर तत्काल राहत दिलाए।
करीब एक घंटे तक चले इस प्रदर्शन के बाद सपा महिला विंग की अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। तब तक महिलाएं कलेक्ट्रेट गेट से अपना प्रदर्शन समाप्त कर लौट गईं।
