गाजीपुर। जनपद की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक धार देने के संकल्प के साथ रविवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में भव्य दीक्षांत समारोह संपन्न हु...
गाजीपुर। जनपद की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक धार देने के संकल्प के साथ रविवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में भव्य दीक्षांत समारोह संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि एडीजी पीयूष मार्डिया की गौरवमयी उपस्थिति में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके 690 रिक्रूट आरक्षियों का पासिंग आउट हुआ। इस नए जत्थे के शामिल होने के साथ ही जनपद में आरक्षियों की कुल संख्या अब बढ़कर 1008 हो गई है, जो कानून-व्यवस्था के लिहाज से एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
समारोह के दौरान जिलाधिकारी अनुभव शुक्ला, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा, एसपी सिटी राकेश कुमार मिश्रा और एसपी ग्रामीण अतुल सोनकर ने परेड का निरीक्षण किया और नए जवानों का हौसला बढ़ाया। विशेष बात यह है कि कुल 1008 आरक्षियों के इस बेड़े में 204 महिला आरक्षी भी शामिल हैं, जो महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में पुलिस बल को और अधिक प्रभावी बनाएंगी।
दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए एडीजी पीयूष मार्डिया ने कहा कि नए ऊर्जावान आरक्षियों के शामिल होने से पुलिस विभाग के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। उन्होंने पास आउट हुए जवानों को कर्तव्य परायणता की शपथ दिलाई और आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। एडीजी ने जोर देकर कहा कि जवानों का प्राथमिक लक्ष्य आम जनता को सुरक्षित माहौल प्रदान करना और बेहतर पुलिसिंग का अनुभव कराना होना चाहिए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि इन सभी आरक्षियों को जल्द ही जिले के विभिन्न थानों में तैनात किया जाएगा। क्षेत्रवार तैनाती से थानों में मैनपावर की कमी दूर होगी और अपराधियों पर नकेल कसने में आसानी होगी। इस दीक्षांत समारोह के बाद गाजीपुर की सुरक्षा व्यवस्था और कानून के राज को और अधिक सुदृढ़ होने की उम्मीद जताई जा रही है।
