मिर्जापुर। वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व प्रधान राजीव सिंह उर्फ रिंटू हत्याकांड के महज कुछ ही घंटों के भीतर मिर्जापुर पुलिस ने बड़ा 'एक्शन...
मिर्जापुर। वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व प्रधान राजीव सिंह उर्फ रिंटू हत्याकांड के महज कुछ ही घंटों के भीतर मिर्जापुर पुलिस ने बड़ा 'एक्शन' लिया है। शनिवार देर रात पीएसी के पीछे पहाड़ी इलाके में हुई एक साहसिक मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी राजेंद्र सोनकर को दबोच लिया। भागने की कोशिश कर रहे आरोपी के दोनों पैरों में पुलिस की गोली लगी है, जिसके बाद उसे जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
पहाड़ी पर घेराबंदी: तमंचे से फायरिंग कर भाग रहा था आरोपी
पुलिस के अनुसार अधिवक्ता हत्याकांड के बाद से ही पुलिस की पांच टीमें कातिलों की तलाश में खाक छान रही थीं। सटीक सूचना मिली कि मुख्य आरोपी राजेंद्र सोनकर पीएसी के पीछे पहाड़ी पर छिपा हुआ है। कटरा कोतवाल वैद्यनाथ सिंह ने फोर्स के साथ घेराबंदी की, तो खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोलियां राजेंद्र के दोनों पैरों में जा लगीं और वह जमीन पर गिर पड़ा।
तमंचा और बाइक बरामद, दूसरे साथी की भी पहचान हुई
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पुष्टि की है कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मौके से वारदात में इस्तेमाल बाइक और तमंचा भी बरामद हुआ है। एसपी ने बताया कि राजेंद्र के दूसरे साथी की भी शिनाख्त हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से वकीलों और स्थानीय नागरिकों के बीच प्रशासन के इकबाल की चर्चा तेज हो गई है।
