वाराणसी। धर्म की नगरी काशी में आस्था के केंद्र अस्सी घाट और गंगा की लहरों पर बीयर पीकर हुड़दंग मचाना एक युवक को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर...
वाराणसी। धर्म की नगरी काशी में आस्था के केंद्र अस्सी घाट और गंगा की लहरों पर बीयर पीकर हुड़दंग मचाना एक युवक को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई वाराणसी पुलिस ने मंगलवार सुबह आरोपी अर्जुन राजभर को अस्सी घाट इलाके से दबोच लिया। डीसीपी काशी गौरव बंसवाल और एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार की निगरानी में हुई इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि गंगा की मर्यादा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
भक्ति के सफर में 'बीयर' का तड़का, नाविकों ने ही खोला मोर्चा
पकड़ा गया आरोपी अर्जुन राजभर (25 वर्ष) नगवां का निवासी है और नाव डेकोरेटर का काम करता है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि रविवार शाम मांझी समाज के लोग पारंपरिक रूप से शीतला घाट से मिर्जापुर के अदलहाट स्थित शीतला माता मंदिर के लिए 'बधाई' लेकर रवाना हुए थे। इसी दौरान नाव पर डीजे बजाने और बीयर पीने का वीडियो वायरल हुआ। खास बात यह है कि इस अमर्यादित कृत्य के खिलाफ खुद नाविक समाज खड़ा हो गया और नाविक प्रेम साहनी की शिकायत पर भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।
सीमा विवाद के बावजूद पुलिस ने दिखाई मुस्तैदी
वायरल वीडियो में लोकेशन मिर्जापुर सीमा की लग रही थी, लेकिन मामला वाराणसी के शीतला घाट से जुड़ा होने के कारण एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने इसकी गहन जांच बैठाई। अन्य नाविकों से पहचान कराने के बाद पुलिस ने घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य युवकों की भी तलाश कर रही है, जो वीडियो में डीजे की धुन पर हुड़दंग मचाते दिख रहे थे।
