वाराणसी। सहालग और मांगलिक कार्यक्रमों की शुरुआत के साथ ही जिले में गैस सिलेंडरों के लिए मारामारी शुरू हो गई है। आम जनता घंटों गैस एजेंसियों ...
वाराणसी। सहालग और मांगलिक कार्यक्रमों की शुरुआत के साथ ही जिले में गैस सिलेंडरों के लिए मारामारी शुरू हो गई है। आम जनता घंटों गैस एजेंसियों के चक्कर काट रही है, लेकिन राहत की खबर उन परिवारों के लिए है जिनके घरों में शहनाई बजने वाली है। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि वैवाहिक कार्यक्रमों वाले घरों को सिलेंडर उपलब्ध कराना अब पहली प्राथमिकता होगी। हालांकि, इसके लिए उपभोक्ताओं को अब अपनी जेब के साथ-साथ 'शादी का कार्ड' भी साथ रखना होगा।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
एजेंसी पर कार्ड दिखाएं, अर्दली बाजार कार्यालय में दें आवेदन
जिला प्रशासन की नई व्यवस्था के मुताबिक, जिनके घरों में शादी या मांगलिक कार्यक्रम हैं, उन्हें संबंधित गैस एजेंसी पर शादी का कार्ड और जरूरी दस्तावेज दिखाने होंगे। जिलापूर्ति अधिकारी (DSO) ने निर्देश दिया है कि जरूरतमंद लोग अर्दली बाजार स्थित कार्यालय में शादी के कार्ड और आवश्यक सिलेंडरों की संख्या के साथ आवेदन कर सकते हैं। एजेंसियों को सख्त ताकीद दी गई है कि वे ऐसे आवेदनों की सूची प्रतिदिन जिलापूर्ति कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
कमर्शियल कनेक्शन की अस्थायी व्यवस्था, लौटानी होगी सिक्योरिटी राशि
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वैवाहिक आयोजनों के लिए 'कमर्शियल गैस सिलेंडर' का अस्थायी कनेक्शन दिया जाएगा। इसके लिए आवेदकों को तय संख्या के आधार पर सिक्योरिटी राशि और सिलेंडर का निर्धारित शुल्क जमा करना होगा। राहत की बात यह है कि समारोह संपन्न होने के बाद जब उपभोक्ता सिलेंडर वापस करेंगे, तो उनकी सिक्योरिटी राशि उन्हें लौटा दी जाएगी। प्रशासन का यह कदम कालाबाजारी रोकने और जरूरतमंदों तक सीधे मदद पहुंचाने की कोशिश माना जा रहा है।
