बलिया। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सड़कों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में प...
बलिया। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सड़कों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में प्रशासन की टीम ने जगरनाथ चौधरी मूर्ति चौराहे से लेकर दुबहर रिंग बंधा मार्ग तक सघन 'अतिक्रमण हटाओ अभियान' चलाया। इस दौरान सड़क के दोनों किनारों पर किए गए अवैध निर्माणों और अवरोधों को जेसीबी की मदद से हटाया गया।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने न केवल अवैध रूप से रखे गए सामानों को जब्त किया, बल्कि नालियों और फुटपाथों पर किए गए पक्के निर्माणों को भी ध्वस्त कर दिया। इस अभियान के दौरान पुलिस और राजस्व विभाग की भारी टीम सुरक्षा के मद्देनजर तैनात रही।
3 दिन का आखिरी अल्टीमेटम
सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा ने मौके पर दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को संबोधित करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी। उन्होंने बताया कि सड़क मार्ग पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो रही थी और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा, प्रशासन ने फिलहाल चिन्हित क्षेत्रों में सांकेतिक कार्रवाई की है, लेकिन जिन लोगों ने अभी भी सड़क या सरकारी भूमि पर कब्जा कर रखा है, उन्हें 3 दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अंतिम अवसर दिया गया है।
