गाजीपुर। जनपद के सुप्रसिद्ध चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी धनंजय तिवारी ने राष्ट्रहित और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ए...
गाजीपुर। जनपद के सुप्रसिद्ध चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी धनंजय तिवारी ने राष्ट्रहित और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनुकरणीय उदाहरण पेश किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से ईंधन बचत और निजी वाहनों के कम उपयोग की अपील को अमलीजामा पहनाते हुए धनंजय तिवारी ने अपनी लग्जरी गाड़ी छोड़ सार्वजनिक परिवहन (Public Transport) के रूप में ई-रिक्शा से यात्रा शुरू करने का बड़ा फैसला लिया है।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
रविवार को जब धनंजय तिवारी को जनपद की सड़कों पर ई-रिक्शा में सवार होकर अपने गंतव्य की ओर जाते देखा गया, तो यह पूरे शहर में चर्चा और प्रशंसा का विषय बन गया। उनकी इस सादगी और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता ने युवाओं और अन्य जनप्रतिनिधियों के सामने एक नई लकीर खींच दी है।
राष्ट्रहित में संसाधनों की बचत आवश्यक: CA धनंजय तिवारी
इस मौके पर पूर्वांचल समाचार से वार्ता करते हुए धनंजय तिवारी ने कहा, "माननीय प्रधानमंत्री जी ने बार-बार देशवासियों से अपील की है कि हम जितना संभव हो, ईंधन की बचत करें। पेट्रोल और डीजल की खपत कम होने से न केवल हमारे देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि हमारा पर्यावरण भी प्रदूषण मुक्त रहेगा। एक जिम्मेदार नागरिक और सेवक होने के नाते, मैंने आज से निजी साधनों का मोह छोड़ सार्वजनिक परिवहन और ई-रिक्शा के उपयोग का संकल्प लिया है।"
जनता से की खास अपील
धनंजय तिवारी ने जनपद वासियों और प्रदेश के लोगों से भावुक अपील करते हुए कहा कि हमें आने वाली पीढ़ियों के लिए संसाधनों को बचाना होगा। उन्होंने कहा, "मेरा सभी से विनम्र निवेदन है कि आप भी कम से कम निजी साधनों का उपयोग करें। यदि हम छोटी-छोटी दूरियों के लिए ई-रिक्शा या सार्वजनिक वाहनों का प्रयोग करेंगे, तो यह राष्ट्र निर्माण में हमारा एक बड़ा योगदान होगा।"
क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों और भारतीय लोक वाणी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने धनंजय तिवारी के इस कदम को 'जमीनी राजनीति' और 'सच्ची राष्ट्र सेवा' का प्रतीक बताया है।
