वाराणसी। धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी के विश्वप्रसिद्ध अस्सी घाट से आस्था को कलंकित करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ शुक्रवार...
वाराणसी। धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी के विश्वप्रसिद्ध अस्सी घाट से आस्था को कलंकित करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ शुक्रवार सुबह गंगा में स्नान करते समय एक युवक द्वारा बीयर पीने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। आरोपी युवक की पहचान बिहार के रोहतास जिले के निवासी संतोष सिंह के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे जब श्रद्धालु गंगा स्नान कर रहे थे, तभी एक युवक पानी के बीच खड़े होकर बीयर पीता नजर आया। युवक ने बीयर पीने के बाद केन को मोड़कर गंगा की लहरों में ही फेंक दिया। इस पूरी करतूत को किसी ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। वीडियो बनाने वाले लोगों ने जब युवक को बाहर बुलाकर फटकार लगाई, तो उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी, लेकिन तब तक यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था।
कानूनी कार्रवाई और संतों में रोष
इस घटना को लेकर काशी के संतों और विद्वानों ने भारी नाराजगी व्यक्त की है। संतों का कहना है कि माँ गंगा करोड़ों हिंदुओं की आस्था का केंद्र हैं और ऐसी हरकतें सनातन धर्म का अपमान हैं। काशी के अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस की एक विशेष टीम आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए लगाई गई है।
शिकायतकर्ता का बयान
अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी ने कहा, "माँ गंगा केवल नदी नहीं, हमारी आस्था की धुरी हैं। घाटों पर इस तरह का कृत्य करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करने वाला है। यदि ऐसे असामाजिक तत्वों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो कानून-व्यवस्था और सामाजिक समरसता प्रभावित हो सकती है। प्रशासन को घाटों पर निगरानी और अधिक बढ़ानी चाहिए।"
वाराणसी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घाटों की मर्यादा भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
