गाजीपुर। जनपद के गहमर कोतवाली पुलिस ने एक अवैध नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए, 24 पाउच अवैध देशी शराब के साथ एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार कर ल...
गाजीपुर। जनपद के गहमर कोतवाली पुलिस ने एक अवैध नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए, 24 पाउच अवैध देशी शराब के साथ एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी झोले में शराब की खेप भरकर गंगा नदी के छाड़न पुलिया के रास्ते बिहार की सीमा में दाखिल होने की फिराक में था। पुलिस टीम को सामने देखते ही वह खेतों की पगडंडी से होकर भागने लगा, लेकिन मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने दौड़कर उसे मौके पर ही धर दबोचा।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
गहमर प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी के अनुसार, कामाख्या चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक (SI) संजय कुमार यादव अपनी टीम के हमराह चीता मोबाइल कांस्टेबल विश्वास यादव और कांस्टेबल विमल कुमार मौर्या के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे. इसी दौरान एक विश्वसनीय मुखबिर ने सटीक इनपुट दिया कि एक युवक नगदीलपुर स्थित देशी शराब के ठेके से झोले में शराब भरकर बिहार ले जाने की तैयारी में है. मुखबिर ने बताया कि वह नगदीलपुर-गहमर बाईपास होते हुए कामाख्या धाम के पास गंगा नदी के छाड़न पुलिया के रास्ते निकलेगा।
खेतों की पगडंडी पर दौड़ाकर पकड़ा, 24 पाउच शराब बरामद सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने छाड़न पुलिया के पास रणनीतिक घेराबंदी की। कुछ ही देर में नगदीलपुर की ओर से हाथ में झोला लटकाए एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया. सामने पुलिस को देखकर उसने तुरंत कदम पीछे मोड़े और खेतों की पगडंडी की तरफ तेजी से दौड़ लगा दी. पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
जब युवक के पास मौजूद झोले की तलाशी ली गई, तो उसके भीतर से 24 पाउच 'ब्ल्यू लाइम' देशी शराब बरामद हुई. कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपनी पहचान शिबुल राम (उम्र 20 वर्ष), निवासी ग्राम गदाईपुर, थाना गहमर (गाजीपुर) के रूप में बताई. गहमर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की यह खेप बिहार में किस धंधेबाज को डिलीवर की जानी थी।
