लखनऊ। उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और चुनावी रणनीतियों को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उ...
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और चुनावी रणनीतियों को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश ने अपने क्षेत्र, मोर्चा, मुख्यालय और विभिन्न महत्वपूर्ण अभियानों के प्रभारियों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा जारी इस सूची में वरिष्ठ पदाधिकारियों को क्षेत्रीय कमान सौंपने के साथ-साथ मोर्चों और प्रमुख योजनाओं की जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
जारी सूची के अनुसार, संगठनात्मक क्षेत्रों में प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान को पश्चिम क्षेत्र, प्रदेश महामंत्री श्रीमती गीता शाक्य को ब्रज क्षेत्र, प्रदेश महामंत्री शंकर लोधी को कानपुर क्षेत्र, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल को अवध क्षेत्र, प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह को काशी क्षेत्र तथा प्रदेश महामंत्री अभिजात मिश्रा को गोरखपुर क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
मोर्चा और विभाग प्रभारियों की जिम्मेदारी
विभिन्न मोर्चों के संचालन के लिए प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी को युवा मोर्चा, प्रदेश महामंत्री संजय राय को पिछड़ा मोर्चा, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह को अनुसूचित मोर्चा, प्रदेश उपाध्यक्ष कामेश्वर सिंह को महिला मोर्चा, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. प्रियंका रावत को अनुसूचित जनजाति मोर्चा, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश कोरी को अल्पसंख्यक मोर्चा और प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी को किसान मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है।
इसके साथ ही, एमएलसी एवं पूर्व प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला को 'मुख्यालय प्रभारी' का दायित्व दिया गया है। अन्य प्रमुख प्रभारियों में प्रदेश मंत्री यतेंद्र शर्मा को 'मीडिया प्रभारी', प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर को 'विस्तारक योजना (संयोजक)', प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती अर्चना मिश्रा को 'मन की बात (संयोजक)' और प्रदेश मंत्री राहुल वाल्मीकि को 'मन की बात (सह-संयोजक)' की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
