गाजीपुर ब्यूरो: गाजीपुर जनपद में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस और एंटी नारकोटि...
गाजीपुर ब्यूरो: गाजीपुर जनपद में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने गुरुवार को बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने अंतरजनपदीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के दो पुरुषों और एक महिला को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 1 किलो 15 ग्राम अवैध हेरोइन और तस्करी में प्रयुक्त एक बोलेरो वाहन बरामद किया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है।
हाईवे तिराहे पर चेकिंग के दौरान धरे गए तस्कर
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर को एएनटीएफ गाजीपुर के प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्रनाथ सिंह और उपनिरीक्षक विवेक कुमार पाठक अपनी पुलिस टीम के साथ वाराणसी-गोरखपुर-महराजगंज हाईवे के तिराहे के पास संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे।
इसी दौरान एक संदिग्ध बोलेरो को रोककर जब तलाशी ली गई, तो वाहन सवार दो युवकों और एक महिला के पास से 1 किलो 15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। टीम ने त्वरित घेराबंदी कर तीनों को मौके से हिरासत में ले लिया और बोलेरो को जब्त कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
- 1. राकेश यादव उर्फ गामा (38 वर्ष)– निवासी ग्राम सरैया, छावनी लाइन, थाना कोतवाली, जनपद गाजीपुर।
- 2. कृष्ण बिहारी उर्फ पिंटू प्रजापति (26 वर्ष) – निवासी तुलसीपुर, छावनी लाइन, थाना कोतवाली, जनपद गाजीपुर।
- 3. रीना यादव (30 वर्ष) – पत्नी जीउत बंधन यादव, निवासी ग्राम गौसपुर, थाना मोहम्मदाबाद, जनपद गाजीपुर।
एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज, विधिक कार्रवाई जारी
इस सनसनीखेज बरामदगी के बाद थाना कोतवाली में अभियुक्तों के विरुद्ध मु०अ०सं० 723/2026 के अंतर्गत धारा 8/21/29/60 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों के नेटवर्क और सप्लाई चेन की कड़ियां खंगालने में जुटी है।
सराहनीय कार्य करने वाली संयुक्त टीम में एएनटीएफ प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्रनाथ सिंह, उपनिरीक्षक विवेक कुमार पाठक, हेड कांस्टेबल संजय सिंह राजावत और महिला कांस्टेबल मुस्कान यादव प्रमुख रूप से शामिल रहीं।
