Mau News: जनपद मऊ के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र अंतर्गत असलपुर पुलिया के पास गुरुवार की भोर में पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान ...
Mau News: जनपद मऊ के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र अंतर्गत असलपुर पुलिया के पास गुरुवार की भोर में पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। हत्या के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे इस बदमाश के बाएं पैर में पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगी। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे दबोच लिया और तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मौके से एक बिना नंबर प्लेट की बाइक, तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
असलपुर पुलिया पर घेराबंदी, पुलिस पर की ताबड़तोड़ फायरिंग
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के कुशल निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत गुरुवार तड़के थाना चिरैयाकोट, रानीपुर, मुहम्मदाबाद गोहना पुलिस और स्वाट टीम संयुक्त रूप से चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई कि किसी बड़ी संगीन वारदात को अंजाम देने की फिराक में एक शातिर इनामी बदमाश असलपुर पुलिया के पास मौजूद है। सूचना पर सतर्क हुई पुलिस टीमों ने भोर में करीब 5 बजे इलाके की घेराबंदी शुरू की। तभी बाइक सवार एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर उसने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर जानलेवा नीयत से सीधी फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, गाजीपुर का रहने वाला है शातिर
पुलिस टीम ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश के बाएं पैर में जा लगी। गोली लगते ही वह अनियंत्रित होकर बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा, जिसके बाद घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में घायल बदमाश की पहचान 27 वर्षीय नीरज कुमार उर्फ टाइगर (पुत्र अज्ञात), निवासी ग्राम सराय धनेश, थाना दुल्लहपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई।
एक दर्जन से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार नीरज उर्फ टाइगर शातिर किस्म का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। वह हत्या के मुकदमे में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार घोषित किया गया था। अभियुक्त के खिलाफ मऊ, गाजीपुर और आजमगढ़ जनपदों के विभिन्न थानों में हत्या, लूट और जानलेवा हमले जैसी गंभीर धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।
