गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनपद में पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था को धार देने के लिए शासन ने बड़ा फेरबदल किया है। सात आईपीएस अधिकारि...
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनपद में पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था को धार देने के लिए शासन ने बड़ा फेरबदल किया है। सात आईपीएस अधिकारियों के तबादले की फेहरिस्त में गोरखपुर के एसपी सिटी की कमान अब निमिष पाटील को सौंपी गई है। गाजियाबाद कमिश्नरेट में अपनी सेवाएं दे रहे निमिष पाटील अब गोरखपुर महानगर की कानून व्यवस्था संभालेंगे। वहीं, यहां तैनात रहे अभिनव त्यागी को पदोन्नति के साथ भदोही का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
गाजियाबाद से गोरखपुर तक निमिष का सफर
शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार, नए एसपी सिटी निमिष पाटील को गाजियाबाद से सीधे मुख्यमंत्री के गृहक्षेत्र की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। कानून व्यवस्था के लिहाज से संवेदनशील माने जाने वाले गोरखपुर में निमिष की तैनाती को काफी अहम माना जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि गाजियाबाद जैसे हाई-प्रोफाइल क्षेत्र का अनुभव उन्हें यहां की चुनौतियों से निपटने में मदद करेगा।
भदोही के नए कप्तान होंगे अभिनव त्यागी
गोरखपुर में बतौर एसपी सिटी सफल कार्यकाल पूरा करने वाले 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी अभिनव त्यागी अब भदोही जिले की कमान संभालेंगे। अभिनव त्यागी के कार्यकाल में गोरखपुर सिटी में कई महत्वपूर्ण अभियानों को अंजाम दिया गया। अब शासन ने उन्हें जिले के पुलिस कप्तान की जिम्मेदारी सौंपकर उन पर भरोसा जताया है। तबादला सूची जारी होने के बाद से ही दोनों अधिकारियों को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देने वालों का तांता लगा है।
